कवर्धा विशेष

कवर्धा में शराब दुकान और मवेशी बाजार स्थानांतरित करने की मांग तेज, कांग्रेस बोली– नहीं मानी बात तो हाईवे जाम

कवर्धा। शहर के बिलासपुर मार्ग पर चल रही सरकारी शराब दुकान और मवेशी बाजार को हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो रायपुर–जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर जाम लगाकर जोरदार विरोध किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

कांग्रेसी नेताओं का कहना है कि मुख्य मार्ग किनारे स्थित शराब दुकान लगातार सड़क हादसों की वजह बन रही है। इस हाईवे पर हर वक्त भारी वाहनों और छोटे चारपहिया–दोपहिया का आना-जाना होता रहता है। ऐसे में शराब पीकर बाहर निकलने वाले लोग अक्सर सड़क पर हंगामा और उपद्रव मचाते हैं। यही नहीं, इसी मार्ग पर सर्व समाज का श्मशान घाट भी है। अंतिम संस्कार के दौरान नशे में धुत लोगों की गाली-गलौज और अनुशासनहीनता से शोकाकुल परिजनों को अपमानजनक स्थिति का सामना करना पड़ता है।

कांग्रेसियों ने यह भी कहा कि समीप की नदी में नहाने जाने वाली महिलाओं से शराबियों और असामाजिक तत्वों द्वारा दुर्व्यवहार की घटनाएं बढ़ रही हैं। वहीं सड़क किनारे लगने वाला मवेशी बाजार रोजाना जाम और अव्यवस्था की समस्या पैदा करता है। नेताओं का कहना है कि करीब पांच महीने पहले सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद प्रशासन ने शराब दुकान स्थानांतरित करने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सात दिनों में शराब दुकान और मवेशी बाजार को सुरक्षित स्थान पर नहीं हटाया गया तो वे जनता के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आंदोलन के लिए उतरेंगे।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading