क्राइम सेलछत्तीसगढ़ प्रादेशिक

राजनांदगांव क्राइम न्यूज़: नवागांव में चाकूबाजी, युवक की मौत – ग्रामीणों का पुलिस चौकी पर घेराव, आरोपियों की गाड़ी में लगाई आग

राजनांदगांव। संस्कारधानी राजनांदगांव जिले के चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत मोतीपुर नवागांव रविवार को चाकूबाजी की वारदात से दहल उठा। पुरानी रंजिश के चलते हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई, वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपियों के वाहन को आग के हवाले कर दिया।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह लगभग आधा दर्जन लोग अजय राजपूत के घर पहुंचे और विवाद करने लगे। घर पर पथराव की भी घटना हुई। इसी दौरान अजय राजपूत का भाई कुछ लोगों को लेकर मौके पर पहुंचा तो आरोपी वहां से भाग खड़े हुए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी।

रात करीब 8 बजे आरोपी फिर से कार और मोपेड से अजय राजपूत के घर पहुंचे और मारपीट करने लगे। इसी झगड़े में अजय के पिता किसन राजपूत को चाकू लग गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच पड़ोसी रामेश ढीमर बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों का गुस्सा फूटा

घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और आरोपियों की कार व मोपेड में आग लगा दी। आरोप है कि पुलिस ने दोपहर में कुछ आरोपियों को पकड़ा था लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया, जिसके बाद ही यह वारदात घटित हुई। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाएं और पुरुष पुलिस चौकी का घेराव करने पहुंच गए और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीएसपी पुष्पेंद्र नायक ने बताया कि कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने हत्या, मारपीट और आगजनी के प्रकरण में जांच शुरू कर दी है। वहीं बताया जा रहा है कि पूरा मामला प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading