विधायक भावना बोहरा ने विधानसभा में उठाए सड़क, स्वास्थ्य और धोखाधड़ी के मुद्दे

रायपुर/कवर्धा। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और दुर्ग संभाग में नागरिकों के साथ हुई धोखाधड़ी जैसे अहम मुद्दों को उठाया। इस पर सरकार की ओर से डिप्टी सीएम विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जवाब प्रस्तुत किए।
दुर्ग संभाग में धोखाधड़ी के 7 मामले, 13 गिरफ्तार
भावना बोहरा ने सवाल किया कि 1 जनवरी 2024 से 1 फरवरी 2025 के बीच दुर्ग संभाग में नागरिकों से चिटफंड कंपनियों या अन्य संस्थाओं द्वारा कितनी धोखाधड़ी की गई? इस पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने जानकारी दी कि उक्त अवधि में 7 मामले दर्ज हुए, जिनमें से 2 नए प्रकरण पंजीबद्ध किए गए, जबकि 5 मामलों की जांच जारी है। इन मामलों में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, धोखाधड़ी की गई राशि की कोई भी रिकवरी नहीं हुई है।
पंडरिया विधानसभा में 63.20 किमी सड़क मरम्मत को मंजूरी
भावना बोहरा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के रखरखाव और नवीनीकरण से जुड़ा सवाल उठाया।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने जवाब दिया कि पंडरिया विधानसभा में कुल 147 सड़कें हैं, जिनमें से 119 सड़कों की मरम्मत पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। वर्ष 2024-25 में 13 सड़कों को मरम्मत के लिए मंजूरी दी गई। कुल 637.88 किमी लंबी सड़कों में से 63.20 किमी की मरम्मत होगी।
क्षेत्रवार स्वीकृत सड़कें:
- कवर्धा विकासखंड: 5 सड़कें (12.60 किमी)
- पंडरिया विकासखंड: 4 सड़कें (28.85 किमी)
- सहसपुर लोहारा विकासखंड: 4 सड़कें (21.75 किमी)
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 3245.44 लाख खर्च
भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा में स्वास्थ्य सुविधाओं पर खर्च और शिकायतों को लेकर भी सवाल उठाए।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत 2023-24 में जिले को ₹1339.00 लाख और 2024-25 में ₹1906.44 लाख मिले। सभी राशि स्वास्थ्य योजनाओं पर खर्च हो चुकी है। राशि खर्च को लेकर कोई भी शिकायत दर्ज नहीं हुई।
स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए विकासखंडवार राशि आवंटन:
- पंडरिया: ₹441.72 लाख
- सहसपुर लोहारा: ₹343.66 लाख
- पिपरिया (कवर्धा): ₹275.09 लाख
- बोड़ला: ₹439.33 लाख
- जिला अस्पताल कबीरधाम: ₹129.98 लाख
- NUHS कवर्धा: ₹85.24 लाख
- DPMU कवर्धा: ₹1530.42 लाख