कुकदूर में दो चोरियों का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

कवर्धा। कुकदूर पुलिस ने वनांचल क्षेत्र में हुई चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल समेत करीब 2.50 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है।
मामला कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम ढपरापानी और छींदीडीह का है। यहां बैगा परिवारों के सूने घरों से चांदी के जेवरात चोरी होने की शिकायत पुलिस को मिली थी। दोनों मामलों में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नेऊर निवासी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे (24) चोरी किए गए चांदी के जेवरात बेचने की फिराक में है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोनों चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मोटरसाइकिल से वनांचल क्षेत्र में घूमकर पहले सूने घरों की रेकी करता था। खेती-किसानी के लिए परिवार के घर से बाहर जाने के बाद वह मौका देखकर घर में घुसता और चांदी के जेवरात चोरी कर लेता था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चांदी का लच्छा, सुतिया, ढार, चंद्रबली, चांदी के सिक्के समेत अन्य जेवरात और वारदात में इस्तेमाल होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपए है।
पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी गए मशरूके की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



