कवर्धा विशेष

“महंगाई पर सियासत तेज: ‘नाली गैस’ बयान के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, गैस कीमतों पर केंद्र सरकार घिरी”

कवर्धा। रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और महंगाई को लेकर कबीरधाम जिले में छात्र-राजनीति गरमा गई है। बुधवार को एनएसयूआई ने शहर में आक्रामक प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस भवन के सामने “सरेंडर चाय दुकान विथ नाली गैस” के नाम से सांकेतिक चाय स्टॉल लगाकर विरोध जताया गया, जो हाल के “नाली गैस” बयान के खिलाफ प्रतीकात्मक प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

यह प्रदर्शन एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शितेष चन्द्रवंशी के निर्देश पर शहर अध्यक्ष हरदीप पात्रे के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।

गैस कीमतों और महंगाई को लेकर घेरा

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि रसोई गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम परिवारों की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि महंगाई ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है और सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही है।

“नाली गैस” बयान बना विरोध का केंद्र

एनएसयूआई नेताओं ने “नाली गैस” जैसे बयानों को जनता की समस्याओं का मजाक बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई। प्रदर्शन में लगाए गए सांकेतिक चाय स्टॉल के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि सरकार जमीनी समस्याओं से दूर होकर केवल बयानबाजी में लगी है।

कांग्रेस नेताओं का हमला

शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर ने कहा कि महंगाई ने हर वर्ग को प्रभावित किया है और सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता को राहत देने के बजाय सरकार नीतिगत स्तर पर असफल साबित हो रही है।

एनएसयूआई की चेतावनी

शहर अध्यक्ष हरदीप पात्रे ने कहा कि गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और आम जनता परेशान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कीमतों में कमी नहीं की गई तो एनएसयूआई सड़कों पर बड़ा आंदोलन करेगी।

आईटी सेल जिला अध्यक्ष अंकित चौबे ने भी कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जनता का आक्रोश साफ दिखाई दे रहा है और सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल

प्रदर्शन में योगेंद्र जोशी, राज साहू, राजीव, प्रदीप भट्ट, मारुति, निखिल, दुर्गेश, प्रकाश मेघेश, रितेश, मनीष, नंदल साहू, आशीष, दिलीप, अभिनव, अनिल, परमेश्वर, भावेश, डिक्कू, आयुष, रमाकांत, हिरेन्द्र बंजारे, राज बर्मन, छोलू, समीर, राजा यादव, अर्जुन यादव सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने “महंगाई के खिलाफ जंग” का ऐलान करते हुए चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द राहत नहीं दी, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading