कवर्धा विशेषक्राइम सेल

पैलपार हत्याकांड का खुलासा: युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंका, 3 आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम पैलपार में खेत के कुएं से मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया है। हत्या के बाद शव को साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से कुएं में फेंका गया था। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अपचारी बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है।

यह मामला 27 जनवरी 2026 को सामने आया था, जब ग्राम पैलपार में एक खेत के कुएं से युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान किशन उर्फ पाव वर्मा (25 वर्ष), निवासी ढेकापुर के रूप में हुई थी। शव के साथ ईंट-कांक्रीट लगे भारी पत्थर बंधे हुए थे, जिससे प्रथम दृष्टया ही हत्या की आशंका जताई जा रही थी।

5 जनवरी को हुई थी हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि किशन वर्मा की हत्या 5 जनवरी 2026 को की गई थी। आरोपियों ने थान खम्हरिया स्थित शराब भट्ठी के पास चखना दुकान के नजदीक मृतक को अकेला पाकर उस पर हमला किया। पहले हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट की गई, फिर चाकू से वार कर उसे बेहोश कर दिया गया।

इसके बाद आरोपियों ने किशन को मोटरसाइकिल से पैलपार मुक्तिधाम के पास ले जाकर सुनसान स्थान पर लकड़ी के बत्ते से दोबारा हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव को घसीटकर कुएं तक ले गए

हत्या के बाद शव को घसीटते हुए खेत के कुएं तक ले जाया गया। यहां ईंट-कांक्रीट लगे पत्थर को रस्सी से बांधकर शव के साथ कुएं में फेंक दिया गया, ताकि पहचान और साक्ष्य मिटाए जा सकें।

घटनास्थल पर कराया रिक्रिएशन

पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पूरी वारदात का रिक्रिएशन कराया। आरोपियों की निशानदेही पर चाकू, लकड़ी का बत्ता, मोटरसाइकिल और रस्सी जब्त की गई है। आरोपियों ने यह भी बताया कि घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़ों को जला दिया गया था।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश धुर्वे, उमेश उर्फ लक्की राजपूत, खेमलाल उर्फ ईशु निषाद शामिल हैं। तीनों आरोपी थान खम्हरिया, जिला बेमेतरा के निवासी हैं। मामले में तीन अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


    Related Articles

    Leave a Reply

    Back to top button

    Discover more from THE PUBLIC NEWS

    Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

    Continue reading