
कवर्धा। महाशिवरात्रि के अवसर पर पंडरिया विधानसभा अंतर्गत वनांचल ग्राम कामठी में भक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। यहां विधायक भावना बोहरा के सान्निध्य में 700 से अधिक विवाहित जोड़ों और श्रद्धालुओं ने 151 पार्थिव शिवलिंगों पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक किया। पूरे क्षेत्र में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

आयोजन में हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्राम नेऊर और दमगढ़ के आदिवासी परिवार भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। श्रद्धालुओं के लिए 10 हजार लोगों के भंडारा व महाप्रसादी की व्यवस्था की गई। विधायक भावना बोहरा ने स्वयं प्रसाद वितरण कर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के भजन गायक अनुराग शर्मा ने भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल और भी आध्यात्मिक हो गया।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सामूहिक रुद्राभिषेक के माध्यम से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की गई। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता को मजबूत करते हैं।

उन्होंने पंडरिया विधानसभा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए आगे भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।


