पंडरिया रेंज में अवैध कब्जे पर गिरी गाज, वनभूमि पर बनी झोपड़ी हटाई गई, 1.965 हेक्टेयर भूमि कब्जामुक्त

कवर्धा। वन विभाग ने अवैध कब्जाधारियों पर सख्ती दिखाते हुए शनिवार को कोदवा जंगल की ज़मीन से अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान बनाई गई झोपड़ी को ढहा दिया गया और करीब 1.965 हेक्टेयर ज़मीन को कब्जामुक्त कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई वनमंडल अधिकारी निखिल अग्रवाल के निर्देशन और उपवनमंडल अधिकारी पंडरिया सुयश धर दीवान के मार्गदर्शन में हुई। वनपरिक्षेत्र अधिकारी (पूर्व) पंडरिया महेन्द्र कुमार जोशी के नेतृत्व में टीम ने बेदखली अभियान चलाया। इस दौरान संयुक्त वन प्रबंधन समिति कोदवा के प्रस्ताव पर ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और विभाग को सहयोग दिया।
अभियान के दौरान पी.एफ. 522 के अंतर्गत जंगल की जमीन पर अवैध कब्जे के लिए बनाई गई झोपड़ी को हटाया गया। कार्रवाई में प्रशिक्षु वनक्षेत्रपाल देवनाथ सिदार, उपवनक्षेत्रपाल इन्द्रावती बैगा, वनपाल सुभाष चन्द्र भारद्वाज, अरुण कुमार दुबे, दिलीप चन्द्राकर, जोधन ठाकुर और वनरक्षक गौरीशंकर साहू, पुनाराम धुर्वे, श्रीराम गुप्ता व कु. उमेश्वरी श्याम सक्रिय रहे।



