बेमेतरा में सियासी भूचाल : भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिहा पर नाबालिग से छेड़छाड़ का गंभीर आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर भीम रेजिमेंट का प्रदर्शन

बेमेतरा। जिले की राजनीति एक बार फिर विवादों में है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेशाध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य राहुल योगराज टिकरिहा पर सतनामी समाज की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत का आरोप लगा है। इस मामले में पीड़िता और उसकी मां ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन दिया, वहीं गैर-राजनीतिक संगठन भीम रेजिमेंट ने एसपी रामकृष्ण साहू को ज्ञापन सौंपकर आरोपी पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की।

नाबालिग छात्रा से 2022 में हुई थी घटना
आवेदन के मुताबिक, घटना वर्ष 2022 की है। आरोप है कि राहुल टिकरिहा ने स्कूल में मदद के बहाने छात्रा को अपने जाल में फंसाया और फिर निजी अंगों से छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकत की। यही नहीं, आरोपी ने नाबालिग के साथ जबरन संबंध बनाने की कोशिश भी की। विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया गया।
सोशल मीडिया पर किया खुलासा
पीड़िता ने इस घटना का खुलासा सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश के माध्यम से किया है। उसने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पिछले दो सालों से कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब समाज और संगठन खुलकर उसके समर्थन में उतर आए हैं।
कठोर धाराओं में केस दर्ज करने की मांग
भीम रेजिमेंट और सतनामी समाज ने ज्ञापन देकर मांग की है कि राहुल टिकरिहा के खिलाफ धारा 354, 376, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
8 अक्टूबर को घेराव की चेतावनी
भीम रेजिमेंट ने पुलिस-प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि अगर आरोपी के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 8 अक्टूबर को एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
यह मामला अब राजनीतिक रंग भी लेने लगा है। भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष जैसे बड़े पद पर बैठे नेता पर लगे इस गंभीर आरोप ने भाजपा संगठन को असहज कर दिया है। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर दो साल पुरानी शिकायत पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?



