रणवीरपुर में अवैध शराब परिवहन पर कार्रवाई, 35 पौवा जब्त; आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। रणवीरपुर चौकी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बाइक से शराब का परिवहन कर रहे 20 वर्षीय युवक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की 35 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब और बाइक समेत कुल 24 हजार 200 रुपए की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बीरेन्द्रनगर में एक युवक बाइक से अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान ओम उर्फ तेजेश्वर मिश्रा (20), निवासी बीरेन्द्रनगर के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर बाइक पर रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से गोल्डन गोवा, बॉम्बे गोवा, एनवी बेस्टो रेयर और आईकॉन प्रीमियम व्हिस्की की कुल 35 पौवा बरामद हुई। इनमें कुल 6 हजार 300 एमएल शराब, जिसकी कीमत करीब 4 हजार 200 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल सीडी डीलक्स बाइक, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए है, उसे भी जब्त किया है। कुल जब्ती 24 हजार 200 रुपए की है।
मामले में आरोपी के खिलाफ सहसपुर लोहारा थाने में अपराध क्रमांक 118/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



