होटल नारायणी का खाद्य लाइसेंस 3 दिन के लिए निलंबित, बिरयानी सेंटर में 5 किलो चिकन नष्ट कराया

किचन में गंदगी मिलने पर खाद्य विभाग की कार्रवाई; गौसिया बिरयानी सेंटर में चिकन पर अखाद्य रंग का इस्तेमाल, बिरयानी और सॉस के नमूने जांच के लिए भेजे
कवर्धा। होटल और रेस्टोरेंट में ग्राहकों को परोसे जा रहे खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान होटल नारायणी इंटरनेशनल के किचन में अस्वच्छता मिलने पर उसका खाद्य लाइसेंस तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया गया। वहीं गौसिया बिरयानी सेंटर में रोस्टेड चिकन पर अखाद्य रंग का इस्तेमाल पाए जाने पर 5 किलो चिकन मौके पर ही नष्ट कराया गया।
किचन की गंदगी पर होटल को नोटिस
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 16 नवंबर को होटल नारायणी इंटरनेशनल रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान किचन में अस्वच्छ और अनहाइजेनिक स्थिति मिली। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की अनुसूची-4 के तहत कार्रवाई करते हुए खाद्य लाइसेंस तीन दिन के लिए निलंबित किया गया। होटल प्रबंधन को कमियां दूर करने के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान कॉन्टिनेंटल सॉस और खुले पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए।
चिकन पर मिला अखाद्य रंग, 5 किलो कराया नष्ट
गौसिया बिरयानी सेंटर के निरीक्षण में भी स्वच्छता संबंधी कमियां मिलीं। यहां मटन बिरयानी का नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं रोस्टेड चिकन में अखाद्य रंग का इस्तेमाल पाए जाने पर 5 किलो चिकन नष्ट कराया गया। प्रतिष्ठान को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार के निर्देश दिए गए।

शिकायतों के बाद हुई जांच
खाद्य विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन में मिली शिकायतों, 15 दिवसीय सुरक्षित आहार अभियान और निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों के आधार पर की गई। विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है।





