रुक्मिणी के प्रेम पर मोहित हुए कृष्ण, सुदामा की मित्रता ने भिगोई श्रद्धालुओं की आंखें

गोकुलधाम में भागवत कथा का सातवां दिन भक्ति, प्रेम और धर्म की गाथाओं के नाम रहा; आचार्य सुमीत भारद्वाज ने सुनाए रुक्मिणी विवाह, स्यमंतक मणि, भौमासुर उद्धार और सुदामा चरित्र के प्रसंग
कवर्धा। कहीं रुक्मिणी के अटूट प्रेम की कहानी थी तो कहीं अन्याय के विरुद्ध भगवान श्रीकृष्ण के पराक्रम का वर्णन। कहीं सत्य की प्रतिष्ठा का प्रसंग था तो कहीं निर्धन सुदामा के प्रति द्वारकाधीश का निष्कपट स्नेह। रामनगर स्थित गोकुलधाम में श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिन इन प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। व्यासपीठ से आचार्य सुमीत भारद्वाज ने रुक्मिणी विवाह, स्यमंतक मणि, भौमासुर उद्धार और सुदामा चरित्र का वर्णन करते हुए प्रेम, सत्य, न्याय और मित्रता का संदेश दिया।
रुक्मिणी के समर्पण पर स्वयं पहुंचे श्रीकृष्ण
रुक्मिणी विवाह का प्रसंग सुनाते हुए आचार्य ने बताया कि विदर्भ की राजकुमारी रुक्मिणी भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य और जीवनसाथी मानती थीं। उनका विवाह शिशुपाल से तय होने पर उन्होंने श्रीकृष्ण को संदेश भेजकर अपनी व्यथा बताई। भक्त की पुकार पर भगवान स्वयं पहुंचे और रुक्मिणी को अपने साथ ले जाकर विवाह किया। इस प्रसंग के जरिए सच्चे प्रेम में विश्वास और समर्पण का महत्व बताया गया।
स्यमंतक मणि से समझाया सत्य का महत्व
स्यमंतक मणि के प्रसंग में आचार्य ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण पर मणि को लेकर आरोप लगाए गए थे। उन्होंने सत्य सामने लाकर अपनी निष्कलंकता सिद्ध की। कथा के माध्यम से संदेश दिया गया कि बिना प्रमाण किसी पर आरोप नहीं लगाना चाहिए और विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य का साथ नहीं छोड़ना चाहिए।

भौमासुर का अंत कर बंदी कन्याओं को दिलाई मुक्ति
भौमासुर उद्धार का वर्णन करते हुए आचार्य ने बताया कि अत्याचारी भौमासुर ने अनेक कन्याओं को बंदी बना रखा था। भगवान श्रीकृष्ण ने उसका अंत कर उन्हें मुक्त कराया। इस प्रसंग के माध्यम से अन्याय के खिलाफ संघर्ष और निर्बलों की रक्षा का संदेश दिया गया।
सुदामा के प्रेम के आगे फीका पड़ा द्वारका का वैभव
सुदामा चरित्र ने कथा को भावुक कर दिया। आचार्य ने बताया कि निर्धन सुदामा जब अपने बालसखा श्रीकृष्ण से मिलने द्वारका पहुंचे तो भगवान ने राजसी वैभव और पद की मर्यादा से ऊपर उठकर उन्हें गले लगाया। उनके चरण पखारे और सुदामा के लाए साधारण चावलों को भी प्रेम से स्वीकार किया। इस प्रसंग ने श्रद्धालुओं को बताया कि सच्ची मित्रता धन-दौलत से नहीं, बल्कि प्रेम और अपनत्व से पहचानी जाती है।
चार प्रसंगों में छिपे जीवन के संदेश
कथा के सातवें दिन रुक्मिणी के समर्पण, स्यमंतक मणि से सत्यनिष्ठा, भौमासुर उद्धार से अन्याय के प्रतिकार और सुदामा चरित्र से निस्वार्थ मित्रता की सीख दी गई। आचार्य ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के माध्यम से जीवन में प्रेम, सत्य, साहस और आत्मीय संबंधों का महत्व समझाया। कथा श्रवण कर रहे श्रद्धालु इन प्रसंगों में भक्ति के साथ जीवन को दिशा देने वाली प्रेरणा भी महसूस करते रहे।





