क्राइम सेलछत्तीसगढ़ प्रादेशिक

सोशल मीडिया टिप्पणी के बाद बिलासपुर में बवाल, कोतवाली परिसर में पथराव; पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

बिलासपुर। गाय को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद शुक्रवार शाम बिलासपुर में तनाव की स्थिति बन गई। टिप्पणी को लेकर शिकायत करने हिंदू संगठन से जुड़े लोग कोतवाली थाने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते थाना परिसर में दोनों पक्षों की ओर से पत्थर चलने लगे।

बताया जा रहा है कि मामला सोशल मीडिया पर सोहेल खान नाम से संचालित अकाउंट से की गई कथित टिप्पणी से जुड़ा है। हिंदू संगठन के लोगों का आरोप था कि अकाउंट से गाय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इसी शिकायत को लेकर वे कोतवाली थाने पहुंचे थे।

इसी दौरान भीड़ के बीच से अचानक पत्थर फेंका गया। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी पथराव शुरू हो गया। कुछ ही देर में स्थिति बिगड़ गई और थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल बुलाया। शहर के अन्य थानों से भी पुलिस जवानों को कोतवाली पहुंचाया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद कोतवाली थाना और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

घटना के बाद देर रात तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस अब सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी की वास्तविकता और उसके स्रोत की जांच कर रही है। वहीं थाना परिसर में पथराव करने वालों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल के वीडियो खंगाले जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील भी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading