गुप्त चैंबर में छिपाकर 9 क्विंटल गांजा ले जा रहा था कंटेनर, 5 करोड़ का माल जब्त; राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार

कवर्धा। जिले में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए चिल्फी थाना पुलिस ने करीब 9 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपए आंकी गई है। गांजा एक नागालैंड पासिंग कंटेनर में गुप्त चैंबर बनाकर छिपाया गया था, ताकि सामान्य जांच में पकड़ में न आए।
पुलिस ने कंटेनर को रोककर जब तलाशी ली तो अंदर बनाए गए विशेष कक्ष से 30-30 किलो की 30 बोरियां बरामद हुईं। कुल वजन करीब 900 किलो बताया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह खेप ओडिशा से लोड कर राजस्थान ले जाई जा रही थी।
मौके से आयाज खान, निवासी भरतपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर भी जब्त कर लिया गया है, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क के अन्य लिंक खंगाल रही है। माना जा रहा है कि अंतरराज्यीय गिरोह लंबे समय से सक्रिय हो सकता है। जिले में यह कार्रवाई अब तक की बड़ी जब्ती में गिनी जा रही है।



