पीएचई की लापरवाही से शहर प्यासा — तीन दिन से ठप जल आपूर्ति, ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग

कवर्धा। शहर के हजारों लोग बीते तीन दिनों से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। नलों में पानी न आने से आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारियों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
वार्ड क्रमांक 08 के नागरिक दीपक ठाकुर ने पीएचई विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि सरोदा क्षेत्र में ग्रामीणों की आपूर्ति के लिए फिल्टर प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। इस प्लांट में पानी पहुंचाने के लिए कैनाल से पाइप जोड़ा गया था, लेकिन अधिकारियों ने पाइप जोड़ने के बाद घटिया कंक्रीटिंग कर दी।
दो दिन तक नगर पालिका का प्लांट बंद रहा और आज जब सरोदा डेम से पानी छोड़ा गया तो रिटर्निंग वॉल से रिसाव शुरू हो गया। नतीजा यह हुआ कि फिर से सरोदा का पानी बंद करना पड़ा और शहर की आपूर्ति ठप हो गई।
दीपक ठाकुर ने कहा कि अधिकारियों और ठेकेदार की लापरवाही के कारण शहरवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और फिल्टर प्लांट का निर्माण कर रहे ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
शहरवासी अब सवाल उठा रहे हैं कि आखिर किसकी गलती से उन्हें बुनियादी जरूरत — पानी — के लिए भटकना पड़ रहा है।



