कवर्धा विशेष

कामठी मंदिर विवाद पर बवाल : पंडरिया में हाईवे जाम, मूर्ति खंडित करने के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग


प्रदर्शनकारियों ने कहा– मंदिर में सभी के लिए स्वतंत्र प्रवेश और नियमित पूजा-अर्चना की अनुमति मिले, नहीं तो आंदोलन होगा और तेज

कवर्धा। जिले में कामठी मंदिर को लेकर वर्षों से चला आ रहा विवाद एक बार फिर उग्र हो गया। शुक्रवार को पंडरिया क्षेत्र में बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के लोग सड़क पर उतर आए और कवर्धा–बिलासपुर नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए इस आंदोलन से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कई घंटे तक प्रभावित रहा।

मंदिर में शिव, बजरंगबली, राधा-कृष्ण सहित कई देवी-देवताओं की मूर्तियां

जानकारी के मुताबिक, कामठी मंदिर परिसर में भगवान शिव, बजरंगबली, राधा–कृष्ण सहित अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित हैं। मंदिर परिसर को लेकर पिछले कई वर्षों से दो पक्षों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। इसी खींचतान की वजह से समय-समय पर इलाके का माहौल बिगड़ता रहा है।

प्रदर्शनकारियों का आरोप – बजरंगबली की मूर्ति खंडित, आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बीते दिनों बजरंगबली की मूर्ति खंडित की गई, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है। इससे लोगों में आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। साथ ही मंदिर में सभी भक्तों के लिए स्वतंत्र प्रवेश और नियमित पूजा-अर्चना की अनुमति दी जाए।

पुलिस-प्रशासन मौके पर, देर शाम तक तनाव बरकरार

हाइवे पर जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। भीड़ को समझाने की कोशिशें की गईं, लेकिन देर शाम तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

स्थानीय लोगों की चेतावनी – ठोस पहल नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र होगा

स्थानीय लोगों ने कहा कि कामठी मंदिर विवाद बार-बार भड़कने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने इस बार ठोस कदम नहीं उठाया, तो आने वाले दिनों में विरोध और ज्यादा उग्र होगा।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading