ड्राई डे में 6 पेटी अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। गांधी जयंती और विजयादशमी के मौके पर जब पूरे जिले में ड्राई डे घोषित था, उसी दिन कबीरधाम पुलिस ने शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की। थाना कुंडा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने ग्राम डाबरी (कोसमतरा रोड) में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 6 पेटी यानी 295 पाव (प्रत्येक 180 एमएल) अवैध शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम –
- आसवन भास्कर (24 वर्ष) निवासी ग्राम डबरी, थाना कुंडा
- सुमन दिवाकर (32 वर्ष) निवासी ग्राम डबरी, थाना कुंडा
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी शराब को ऊँचे दाम पर बेचने के लिए छिपाकर रखे हुए थे और पर्व के दिन ग्राहकों तक पहुंचाने जा रहे थे।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, पंकज पटेल और एसडीओपी पंडरिया भूपत धनेश्वरी के पर्यवेक्षण में हुई। थाना प्रभारी संतोष मिश्रा और उनकी टीम के साथ साइबर सेल ने अहम भूमिका निभाई।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा –
“त्योहार और राष्ट्रीय पर्व पर शराबबंदी का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध कारोबारियों पर पैनी नजर है, ऐसे लोग सीधे जेल भेजे जाएंगे।”
पुलिस की यह कार्रवाई जिले के अवैध शराब कारोबारियों के लिए सख्त चेतावनी मानी जा रही है। साथ ही, आम नागरिकों से अपील की गई है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



