रणवीरपुर में उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ, विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार

कवर्धा। लंबे समय से चली आ रही ग्रामीणों की मांग अब पूरी हो गई है। पंडरिया विधानसभा के ग्राम रणवीरपुर में उप तहसील कार्यालय (लिंक कोर्ट) का शुभारंभ सोमवार को दामखेड़ा कबीर आश्रम के नवोदित वंशाचार्य उदितमुनि नाम साहेब जी और विधायक भावना बोहरा ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे।

जनता की पुरानी मांग हुई पूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि रणवीरपुर में उप तहसील कार्यालय खुलना ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जुलाई माह में आयोजित नि:शुल्क बस सेवा शुभारंभ के दौरान वर्चुअल घोषणा की थी, जिसे अब मूर्त रूप दिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ग्रामीण अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और राजस्व सेवाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्यरत है।
अब राजस्व कार्य होंगे आसान
विधायक ने कहा कि उप तहसील कार्यालय के माध्यम से अब ग्रामीणों को नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, खसरा/खतौनी की नकल, ऋण पुस्तिका सहित अन्य राजस्व कार्यों के लिए तहसील मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों और ग्रामीणों का समय व संसाधन दोनों की बचत होगी और राजस्व प्रकरणों का त्वरित निपटान संभव होगा।
ग्रामीणों की आकांक्षाओं को मिलेगा बल

विधायक बोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों की जनभावनाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने का ठोस प्रयास कर रही है। उप तहसील कार्यालय से आसपास के गांवों को भी लाभ मिलेगा और ग्रामीण प्रशासनिक सेवाओं का सहजता से लाभ उठा सकेंगे।
“समृद्ध पंडरिया हमारा लक्ष्य”
भावना बोहरा ने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा—“सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास से ही पंडरिया विकास की स्वर्णिम गाथा लिख रहा है। आप सभी का विश्वास और अपनत्व ही मुझे जनसेवा की नई ऊर्जा देता है।”



