दिनदहाड़े बाजार में चाकू चला: विवाद में दुकानदार पर हमला, व्यापारियों बोले– बाजार में नहीं रही पुलिस की मौजूदगी

कवर्धा। शहर के व्यस्ततम नवीन बाजार में दिनदहाड़े एक दुकानदार पर चाकू से हमला होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदारों और ठेला लगाने वालों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और एक किराना व्यापारी लहूलुहान हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद झड़प हुई। इसी दौरान आरोपियों ने व्यापारी पर चाकू से वार कर दिया। घायल व्यापारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े व्यस्त बाजार में हुई इस घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ रही है, जबकि पुलिस पेट्रोलिंग नजर नहीं आती।
पीड़ित व्यापारी और अन्य दुकानदारों ने आरोप लगाया कि नियमित गश्त नहीं होने से बदमाशों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने बाजार में स्थायी पुलिस व्यवस्था और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ शुरू की। आरोपियों की तलाश की जा रही है।



