गोगो पेपर पर पुलिस का शिकंजा: बाजारों में औचक छापे, प्रतिबंधित नशीली सामग्री जब्त

कवर्धा। शहर में प्रतिबंधित नशीली सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कबीरधाम पुलिस ने सोमवार को प्रमुख बाजारों, पान ठेलों और दुकानों में सघन औचक जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों से गोगो पेपर सहित नशे में उपयोग होने वाली प्रतिबंधित सामग्री बरामद कर मौके पर ही जब्त की गई।
पुलिस टीम ने अलग-अलग बाजार क्षेत्रों, किराना दुकानों और अस्थायी ठेलों की बारीकी से तलाशी ली। जांच के दौरान जिन दुकानों से सामग्री मिली, उनके संचालकों को थाना लाकर पूछताछ की गई और भविष्य में दोबारा बिक्री पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शहर में नशीली सामग्री की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।



