कवर्धा में तीन महीने से लापता नाबालिग बेटी का अब तक नहीं मिला सुराग, तस्वीर लेकर दर-दर भटक रहे मां-बाप

कवर्धा। जिले के एक गांव से तीन महीने पहले लापता हुई 14 वर्षीय नाबालिग बेटी का आज तक कोई पता नहीं चल पाया है। अचानक गुम हुई बेटी की तलाश में गरीब मां-बाप थक चुके हैं, लेकिन उनकी उम्मीदें टूटी नहीं हैं। तस्वीर हाथ में लिए कभी चौक-चौराहों पर तो कभी रिश्तेदारों और पुलिस थानों में गुहार लगाते उनकी आंखों से बहते आंसू हर किसी को झकझोर रहे हैं।
पुलिस ने मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र सिंह बघेल का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से लगातार पतासाजी की जा रही है और बच्ची को जल्द तलाशने का हरसंभव प्रयास जारी है। हालांकि तीन महीने गुजर जाने के बाद भी कोई ठोस सुराग न मिलना पुलिस की कार्यप्रणाली और तंत्र की नाकामी पर सवाल खड़े कर रहा है। इस बीच मासूम की तलाश में भटकते परिवार की व्यथा आज भी जस की तस बनी हुई है।



