6 जुलाई को पंडरिया में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे 5 निःशुल्क बसों का शुभारंभ, विकास कार्यों की भी देंगे सौगात

कवर्धा/पंडरिया। पंडरिया विधानसभा की महाविद्यालयीन छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा के विस्तार का सपना अब साकार होने जा रहा है। आगामी 6 जुलाई, रविवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पंडरिया के स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 5 नई निःशुल्क बसों का शुभारंभ करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की उन महिलाओं को महतारी अलंकरण सम्मान से भी नवाजा जाएगा, जिन्होंने शिक्षा, खेल, व्यवसाय, जनजागरूकता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रेरणादायी कार्य किए हैं। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न अधोसंरचना कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर नागरिकों को विकास की नई सौगातें दी जाएंगी।
इस भव्य कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा करेंगी, जबकि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
भावना दीदी की गारंटी से मिला छात्राओं को तोहफा
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विधानसभा चुनाव के दौरान “भावना दीदी की गारंटी” के तहत महाविद्यालयीन छात्राओं को निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराने का वादा किया था। पहले से संचालित 3 निःशुल्क बसों के अतिरिक्त अब 5 नई बसों का संचालन किया जा रहा है। ये बसें पिपरिया, पंडरिया, पांडातराई, कवर्धा और सहसपुर लोहारा स्थित महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को घर से कॉलेज और कॉलेज से घर तक सुरक्षित और सुलभ यात्रा की सुविधा प्रदान करेंगी।
लक्ष्य—1000 बेटियों को लाभ
विधायक बोहरा ने बताया कि इस सेवा का उद्देश्य 1000 बेटियों को लाभ पहुंचाना है, ताकि वे निर्भय होकर शिक्षा ग्रहण कर सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें। उन्होंने कहा कि यह सेवा उन छात्राओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगी, जिनके गांव महाविद्यालय से दूर हैं और जिन्हें अब तक सुरक्षित आवागमन की सुविधा नहीं मिल पाती थी।
पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ
बस सेवा का लाभ लेने के लिए छात्राओं के पंजीयन की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। इच्छुक छात्राएं अपने नजदीकी ‘भावना सेवा सुविधा केंद्र’ (विधायक कार्यालय) से फॉर्म प्राप्त कर भर सकते हैं। पहचान पत्र मिलने के बाद वे इस सेवा का लाभ उठा सकेंगी।
समय सारणी तय, दोनों पालियों की सुविधा
पंडरिया और पिपरिया महाविद्यालयों में संचालित दो पालियों की कक्षाओं को ध्यान में रखते हुए समय सारणी पहले ही तय कर दी गई है। ग्रामवार बस स्टॉप और छात्राओं की उपस्थिति का समय भी निर्धारित किया गया है।
क्षेत्रीय विकास की नई इबारत
विधायक भावना बोहरा ने कहा, “यह मेरे लिए गौरव का क्षण है कि मैंने जो वादा जनता से किया था, उसे पूरा कर रही हूं। पंडरिया की बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।”
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से पंडरिया विधानसभा को विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है।
यह कार्यक्रम न केवल क्षेत्रीय विकास की एक नई इबारत लिखेगा, बल्कि बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की राह को भी आसान बनाएगा।



