कवर्धा विशेष

विजयादशमी पर विधायक भावना बोहरा का संदेश : “अहंकार त्याग कर सेवा और भाईचारे की राह पर चलें”

कवर्धा। विजयादशमी के अवसर पर पंडरिया में आयोजित भव्य दशहरा उत्सव में विधायक भावना बोहरा ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यह पर्व हमें अपने अंदर छिपे अहंकार को मिटाकर सेवा, सत्कार और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन आदर्श है और उनके मार्ग पर चलकर ही समाज और विधानसभा का समग्र विकास संभव है।

माँ महामाया दुर्गा उत्सव समिति के तत्वाधान में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय मैदान में हुए इस आयोजन में हजारों की भीड़ उमड़ी। छत्तीसगढ़ की लोकगायिका सीमा कौशिक की भजन व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना दिया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक बोहरा ने सभी को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति व नगरवासियों को बधाई दी।

अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “पिछले पांच वर्षों में पंडरिया विधानसभा की उपेक्षा हुई, विकास कार्यों के नाम पर केवल भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चली। लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार ने सुशासन का नया सूर्योदय किया है। आज जनता खुद विकास कार्यों और सुविधाओं का प्रत्यक्ष अनुभव कर रही है।”

विधायक बोहरा ने विजयादशमी के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “रावण विद्या, शक्ति और वैभव में अद्वितीय था, लेकिन अहंकार और अधर्म के कारण उसका पतन हुआ। यह पर्व हमें आत्ममंथन का अवसर देता है कि हम लालच, क्रोध और अहंकार जैसी बुराइयों का त्याग करें और प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपनाएँ।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन हर समाज और हर युग के लिए प्रेरणा है। “मर्यादा पुरुषोत्तम ने पुत्र, भाई, पति, राजा और योद्धा—हर भूमिका में मर्यादा और नैतिकता का पालन किया। उनके जीवन से हम कर्तव्यनिष्ठा, न्याय, समानता, सहनशीलता और सामुदायिक एकता जैसे मूल्यों को सीख सकते हैं। इन्हीं आदर्शों पर चलते हुए हमें शिक्षा, आर्थिक समृद्धि, सामाजिक समरसता और सुशासन की दिशा में सामूहिक प्रयास करना होगा।”

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, उत्सव समिति के सदस्य एवं नगरवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading