कवर्धा विशेष

‘शराब दुकान नहीं चाहिए’… नेवारी के ग्रामीणों का विरोध, आंदोलन की चेतावनी

कवर्धा। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम नेवारी में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सोमवार को गांव के महिला-पुरुष बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर गांव में शराब दुकान खोले जाने का विरोध दर्ज कराया।

ग्रामीणों ने बताया कि कवर्धा-बिलासपुर मार्ग पर संचालित अंग्रेजी-देशी शराब दुकान का स्थान परिवर्तन किया जा रहा है। इसी क्रम में नेवारी गांव की एक निजी भूमि को शराब दुकान के लिए चिन्हित किया गया है। टेंडर प्रक्रिया के तहत उक्त स्थान को अंतिम रूप दिए जाने की कार्रवाई चल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन मालिक द्वारा भवननुमा ढांचा भी तैयार कर लिया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब दुकान खुलने से सामाजिक माहौल प्रभावित होगा। असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर असर पड़ेगा। साथ ही युवाओं और विद्यार्थियों के भटकने की आशंका भी जताई गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रस्तावित स्थान परिवर्तन तत्काल निरस्त कर गांव की सीमा में शराब दुकान नहीं खोलने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि मांगें अनसुनी होने पर उग्र आंदोलन और चक्काजाम किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading