पदोन्नति में तेजी लाने की मांग: फेडरेशन ने संयुक्त संचालक दुर्ग से की मुलाकात

कवर्धा। सहायक शिक्षक से शिक्षक पद पर पदोन्नति में हो रही देरी को लेकर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन कबीरधाम के पदाधिकारियों ने संयुक्त संचालक दुर्ग से मुलाकात कर प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की।
फेडरेशन के संभाग अध्यक्ष कृष्णा वर्मा और जिला अध्यक्ष प्रेम नारायण शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पदोन्नति प्रक्रिया में आ रही अड़चनों पर चर्चा की। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि सभी जिलों से दावा-आपत्ति मंगाई गई थी, लेकिन बालोद, बेमेतरा और मानपुर-मोहला जिलों से अभी तक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।
अधिकारियों के अनुसार पदोन्नति की प्रक्रिया जारी है और जैसे ही सभी जिलों से सूची प्राप्त हो जाएगी, अंतिम वरिष्ठता सूची का प्रकाशन कर आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक जानकारी भी जुटाई जा रही है।
फेडरेशन पदाधिकारियों ने जल्द से जल्द वरिष्ठता सूची जारी कर लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। उनका कहना है कि देरी से शिक्षकों में असंतोष बढ़ रहा है और समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है।
इस दौरान संभाग अध्यक्ष कृष्णा वर्मा, जिला अध्यक्ष प्रेम नारायण शर्मा, कार्यकारी जिलाध्यक्ष केशलाल साहू, जे.एल. बंछोर, विनोद चंद्रवंशी, राकेश खरे, राजेश भगत, संजय राज, साकेत राज, मनोहर घृतलहरे, भुनेश्वर साहू, उत्तम लॉयल, श्रीमती भावना रवि सिंह, अशोक विनायक, चंद्रशेखर सोनी, नायक, शिवकलेश बांधेकर और कमलेश पनागर सहित संगठन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



