कवर्धा विशेष

स्वच्छता की ओर अग्रसर हुआ दर्री तालाब: लगातार छठवें रविवार हुआ श्रमदान

कवर्धा। नगर में जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर चल रही मुहिम को एक नई ऊर्जा मिल रही है। इसी कड़ी में दर्री तालाब में लगातार छठवें रविवार को श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, वार्डवासियों, विशेषकर सीनियर सिटिजन और तुलसी मानस मित्र मंडली के सदस्यों ने भाग लेकर तालाब की सफाई की।

कार्यक्रम के दौरान श्रमदान कर तालाब की सफाई की गई, जिससे न केवल उसका सौंदर्य निखर कर सामने आया बल्कि जल की गुणवत्ता में भी सुधार देखा गया। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि “उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के नेतृत्व और सांसद संतोष पांडेय के मार्गदर्शन में स्वच्छ, सुंदर और विकसित कवर्धा के निर्माण का संकल्प लिया गया है। दर्री तालाब की सफाई के बाद अन्य तालाबों को भी श्रमदान के माध्यम से स्वच्छ किया जाएगा।”

उन्होंने बताया कि श्रमदान जैसे प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और पारंपरिक जल स्रोत सुरक्षित रहेंगे। साथ ही उन्होंने युवाओं एवं स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों को इस अभियान से जोड़ने की बात कही, जिससे उनके बीच जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े।


सीनियर सिटिजन और तुलसी मानस मंडली की सराहनीय भागीदारी

स्वच्छता अभियान में तुलसी मानस मित्र मंडली एवं क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। समाजसेवी छत्रपाल पुरी गोस्वामी, अश्वनी पांडेय, दिनेश साहू, हरिप्रसाद विश्वकर्मा, एस.एस. जैन और भंवर चंद लुनिया ने अपने हाथों से कचरा उठाकर तालाब की सफाई की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मंडली के सदस्यों ने कहा, “प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। अगर समाज मिलकर जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए, तो भावी पीढ़ियों को भी स्वच्छ जल और हरित वातावरण मिल सकता है।” उन्होंने इस अभियान को समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलाने वाला बताया।

इस पहल का उद्देश्य सिर्फ तालाब की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और वर्षा जल संचयन को भी बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


श्रमदान में जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के साथ उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, सभापति बिहारी राम धुर्वे, दुर्गेश अवस्थी, अजय ठाकुर, पार्षद सुरेंद्र पांडेय, पूर्व पार्षद सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद प्रतिनिधि अनिल साहू, केशरी सोनी, सोनू उपाध्याय, सचिन अग्रवाल, अजय चौबे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रोहित कुमार साहू, उपअभियंता राजेश मिश्रा सहित नगर पालिका के अनेक अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading