कवर्धा विशेष

39.38 करोड़ की सुतियापाट जलाशय परियोजना का भूमिपूजन: 17 गांव के किसानों को मिलेगा सिंचाई का लाभ

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित सुतियापाट जलाशय परियोजना का भूमिपूजन किया गया। करीब 39 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना से 17 गांवों के हजारों किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। लंबे समय से इस योजना की मांग की जा रही थी।

परियोजना के तहत बायीं तट मुख्य नहर का विस्तार और माइनर नहरों का निर्माण किया जाएगा। इससे बाजगुड़ा, खैरबना, दैहानडीह, पटपर, डोंगरिया, जमुनिया, रणजीतपुर, रणवीरपुर, सिंगारपुर, नवघटा, बीरेंद्रनगर, सुकतरा, रेंगाटोला, सिंघनगढ़, डुमरिया, दलसाटोला और नवापारा समेत आसपास के क्षेत्रों की करीब 2916 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।

भूमिपूजन के दौरान बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे। क्षेत्र में इस परियोजना को लेकर उत्साह देखा गया। किसानों का कहना है कि इससे खेती पर निर्भरता मजबूत होगी और उत्पादन बढ़ेगा।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। लंबे समय से सिंचाई की समस्या बनी हुई थी, जिसका अब समाधान होगा। उन्होंने बताया कि इस योजना से न सिर्फ खेतों तक पानी पहुंचेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए अन्य परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। जल संसाधनों को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में जल संकट की समस्या कम होगी और किसानों को सालभर सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा। इससे उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading