कवर्धा विशेषछत्तीसगढ़ प्रादेशिक

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कवर्धा में मनाई होली, गांधी मैदान में हुआ भव्य मिलन समारोह

कवर्धा। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने परंपरागत रूप से इस वर्ष भी अपने गृह नगर कवर्धा में परिवार, सहयोगियों और जिलेवासियों के साथ होली का पर्व धूमधाम से मनाया। उन्होंने पहले होलिका दहन किया, फिर रंग-गुलाल लगाकर लोगों को बधाइयाँ दीं। इस अवसर पर राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र चंद्रवंशी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

गांधी मैदान में हुआ भव्य होली मिलन समारोह

डॉ. रमन सिंह ने अपने निवास के सामने स्थित गांधी मैदान में आयोजित होली मिलन समारोह में भाग लिया, जहां जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएँ दीं और प्रदेश की खुशहाली व समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर सांसद संतोष पांडेय ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर होली गीत गाकर समां बांध दिया। उनके साथ मौजूद जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साह के साथ होली मनाई।

डॉ. रमन सिंह ने दिया भाईचारे का संदेश

डॉ. रमन सिंह ने सभी को होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आपसी मेल-जोल और सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि “होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का त्योहार है। यह पर्व हमें प्रेम और भाईचारे को बढ़ाने की सीख देता है। हम सभी मिलकर छत्तीसगढ़ की समृद्धि और विकास में योगदान दें, यही इस त्योहार की सच्ची भावना है।”

हर साल निभा रहे परंपरा

डॉ. रमन सिंह 22 वर्षों से लगातार कवर्धा में होली मनाने की परंपरा निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री रहते हुए भी वे हर वर्ष कवर्धा आते थे और अपने परिवार, सहयोगियों और जिलेवासियों के साथ यह त्योहार मनाते रहे हैं।

सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएँ

इस अवसर पर पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, कवर्धा नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी सहित जिले के विभिन्न नगर पालिका, जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रंगों में सराबोर हुआ कवर्धा, उल्लास से गूँजा माहौल

कवर्धा में इस वर्ष भी होली का पर्व उत्साह, उमंग और भाईचारे के साथ मनाया गया। रंग-गुलाल की बौछार, ढोल-नगाड़ों की थाप और होली गीतों की मधुर धुन ने पूरे माहौल को उल्लासमय बना दिया। गांधी मैदान में आयोजित होली मिलन समारोह जिलेभर के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगों के इस पर्व का आनंद उठाया

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading