कवर्धा विशेषक्राइम सेल

कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांजा सप्लायर तक पहुँची गिरफ्त, NDPS की धारा 29 जोड़ी गई

कवर्धा। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने एक और अहम सफलता हासिल की है। थाना चिल्फी में दर्ज गांजा तस्करी के एक मामले में पुलिस ने न केवल वाहकों को गिरफ्तार किया, बल्कि अब सप्लायर तक भी पहुँच बना ली है। इस कार्रवाई के तहत उड़ीसा निवासी मुख्य गांजा सप्लायर सोनू चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया गया है।

थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 28/25 धारा 20(बी)(ii)(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले ही आरोपियों सोनू उर्फ सूरज सिंह ठाकुर, राहुल ठाकुर, अमर खरे एवं अंकित पटेल के कब्जे से दो स्कूटी के माध्यम से 10 किलोग्राम गांजा बरामद कर मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक पूछताछ और न्यायिक रिमांड के बाद पुलिस ने पूरे प्रकरण की एंड-टू-एंड विवेचना शुरू की।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा उड़ीसा के बलांगीर जिले स्थित ग्राम खपराखोल निवासी सोनू चतुर्वेदी, पिता लक्ष्मी नारायण चतुर्वेदी (उम्र 32 वर्ष) से खरीदा गया था। इस इनपुट के आधार पर कबीरधाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम गठित की। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने सतत निगरानी और गुप्त अनुसंधान के बाद 23 अगस्त को आरोपी सोनू चतुर्वेदी को उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की संलिप्तता आपराधिक षड्यंत्र के रूप में पाई गई, जिसके आधार पर प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 जोड़ी गई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading