कवर्धा विशेष

मौनी अमावस्या पर बोड़ला में होगा 6 दिवसीय भव्य हिंदू संगम आयोजन

कवर्धा। मौनी अमावस्या के अवसर पर इस वर्ष भी बोड़ला में 6 दिवसीय भव्य हिंदू संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आगामी 13 जनवरी से 18 जनवरी तक चलने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को हिंदू संगम स्थल बोड़ला में बृहद बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। आयोजन को वर्ष 2013 की भांति भव्य स्वरूप देने पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम की शुरुआत 13 जनवरी को मातृशक्ति सम्मेलन और कलश यात्रा के साथ होगी, जिसमें दुर्गा वाहिनी की सुश्री प्रज्ञा महाला उपस्थित रहेंगी। इसके बाद प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

14 जनवरी को परिवार सम्मेलन होगा, जिसमें पुरुषों को धोती और महिलाओं को साड़ी पहनकर आने पर ही प्रवेश मिलेगा। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य होगा। परिवार सम्मेलन में अखिल भारतीय कुटुंब प्रबोधन प्रमुख, आरएसएस के रविंद्र जोशी मुख्य अतिथि होंगे।

15 जनवरी को जनजातीय बैगा–गुनिया सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा देने वाले पारंपरिक फुक–झाड़ करने वाले जनसेवकों और मरीजों को सहायता उपलब्ध कराने वाले ग्रामीण डॉक्टर्स का सम्मान किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अशोक वार्ष्णेय, आरोग्य भारतीय संगठन मंत्री उपस्थित रहेंगे।

16 जनवरी को मंदिर पुजारी और संत सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिलेभर के पुजारी और संत शामिल होंगे। इस दिन विश्व हिंदू परिषद के मंदिर अर्चक आयाम के संपर्क प्रमुख अरुण नेटके उपस्थित रहेंगे।

17 जनवरी को युवा सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें 5000 से अधिक युवाओं के शामिल होने की संभावना है। मध्य क्षेत्र के शहर क्षेत्र प्रचारक प्रेम शंकर सिदार मुख्य वक्ता होंगे, वहीं छत्तीसगढ़ के कथावाचक युवराज पांडे कथा प्रस्तुत करेंगे।

कार्यक्रम का मुख्य आयोजन 18 जनवरी मौनी अमावस्या के दिन होगा। इस दिन भव्य हिंदू संगम सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। मुख्य अतिथि सर सह कार्यवाह रामदत्त चक्रधर होंगे और फग्गन सिंह कुलस्ते कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। आयोजन के दौरान प्रतिदिन यज्ञ का कार्यक्रम भी होगा।

आयोजक चंद्रशेखर वर्मा ने बताया कि हिंदू संगम समाज के सहयोग से आयोजित होने वाला कार्यक्रम है। उन्होंने प्रत्येक हिंदू परिवार से एक मुट्ठी चावल और ₹10 सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 2013 से लगातार इस आयोजन ने हिंदू समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading