युवा नेतृत्व को मिली नई जिम्मेदारी: मानस मिश्रा बने ABVP छत्तीसगढ़ के सोशल मीडिया संयोजक

कवर्धा/अंबिकापुर। छात्र जीवन में राष्ट्र निर्माण की भावना को दिशा देने वाले विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का तीन दिवसीय प्रांत अभ्यास वर्ग 27 से 29 जून तक अंबिकापुर स्थित माँ महामाया की पावन भूमि पर सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ।
इस अभ्यास वर्ग में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से आए कार्यकर्ताओं को वैचारिक प्रबोधन, संगठनात्मक कार्यशैली, नेतृत्व विकास और तकनीकी दक्षता जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया गया। आगामी शैक्षणिक सत्र की रणनीति एवं संगठनात्मक दिशा तय करने वाला यह शिविर प्रांत स्तर पर अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया।
इसी अवसर पर कवर्धा निवासी मानस मिश्रा को ABVP छत्तीसगढ़ प्रांत का सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया। वे पूर्व में सोशल मीडिया सह-संयोजक के रूप में कार्य कर चुके हैं और संगठन की विचारधारा, आंदोलनों एवं अभियानों को सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाने में उल्लेखनीय भूमिका निभा चुके हैं।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठकों से लेकर विभिन्न प्रांतीय आंदोलनों तक, उनकी सक्रियता और डिजिटल रणनीति लगातार सराही जाती रही है। उनके समर्पण, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए संगठन ने उन पर एक बार फिर विश्वास जताया है।
मानस मिश्रा को मिली इस नई जिम्मेदारी पर संगठन के कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में हर्ष की लहर है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में ABVP का डिजिटल पक्ष और अधिक सशक्त होगा तथा युवाओं से संवाद का दायरा व्यापक होगा।



