योग भारत की अमूल्य देन, पूरी दुनिया में फैला रही स्वास्थ्य का संदेश : विधायक भावना बोहरा

पंडरिया में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास और पौधरोपण कार्यक्रम संपन्न
कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 11वें वर्ष के अवसर पर पंडरिया नगर पालिका परिषद द्वारा सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। “योग फॉर-वन अर्थ, वन हेल्थ” की थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया एवं नगरवासियों को नियमित योग को जीवनशैली में शामिल करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का आयोजन नगर के सामुदायिक भवन परिसर में हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योगाभ्यास के पश्चात परिसर में पौधरोपण भी किया गया, जिसमें विधायक भावना बोहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति का वह अमूल्य उपहार है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मानसिक और बौद्धिक रूप से भी सशक्त करता है। प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से आज योग पूरे विश्व में अपनाया जा रहा है, जिससे भारतीय संस्कृति का वैश्विक गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने की कला है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” की भावना के साथ हमें न केवल स्वयं स्वस्थ रहना है, बल्कि समाज और पर्यावरण की रक्षा भी करनी है। योग से जहां हम तनावमुक्त और ऊर्जावान बनते हैं, वहीं यह हमें प्रकृति के संरक्षण के लिए भी प्रेरित करता है।
भावना बोहरा ने सभी नागरिकों से अपील की कि योग को केवल एक दिन की क्रिया न बनाएं, बल्कि इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ पर्यावरण और स्वस्थ समाज देने की जिम्मेदारी हम सबकी है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, जनपद पंचायत पंडरिया की अध्यक्ष नंदिनी साहू, उपाध्यक्ष छत्रकिशोर तिवारी, नगर के पार्षद, जनपद सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक शपथ और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया।