सड़क-शिक्षा समस्याओं पर नेउरगांव कला के ग्रामीणों की चेतावनी, एसडीएम को ज्ञापन सौंप कहा-समाधान नहीं तो आंदोलन

कवर्धा। बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम नेउरगांव कला के ग्रामीणों ने सोमवार को गांव की जर्जर सड़क, शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही, निर्माण कार्यों में अनियमितता और अन्य समस्याओं को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
सड़क में गड्ढे ही गड्ढे, रोज हो रहे हादसे
गांव के युवा आशु चंद्रवंशी ने बताया कि नेउरगांव कला पहुंच मार्ग की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। वर्षों से इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं हुआ है, जिससे सड़क पर केवल गड्ढे ही बचे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खस्ताहाल स्थिति से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बच्चे स्कूल जाते समय घायल हो जाते हैं, वहीं किसानों की गन्ना लदी गाड़ियां पलटने से समय पर शुगर फैक्ट्री नहीं पहुंच पातीं और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
प्रधान पाठक पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने गांव के प्राथमिक विद्यालय के प्रधान पाठक को हटाने की मांग भी की। आरोप है कि वे वर्षों से नियमित रूप से स्कूल नहीं आते और केवल महीने में कुछ दिन हस्ताक्षर कर चले जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है और शिक्षा का स्तर गिर गया है।
सामुदायिक भवन निर्माण में अनियमितता
नेउरगांव कला के वार्ड क्रमांक 3 में हाई स्कूल के पास बन रहे सामुदायिक भवन को लेकर भी ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज की। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरती जा रही है और भवन इंस्टीमेट के हिसाब से नहीं बनाया जा रहा है।
उचित मूल्य की दुकान और बिजली पोल की समस्या
ग्रामीणों ने गांव की उचित मूल्य दुकान की जर्जर स्थिति और उसमें हो रहे सीपेज की समस्या भी रखी। वहीं एक व्यक्ति के घर के सामने लगे विद्युत पोल को हटाने की मांग की गई, क्योंकि पोल के कारण आवागमन में परेशानी होती है और करंट का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने दी चेतावनी
ज्ञापन सौंपते समय 50 से अधिक ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने मजबूर होंगे।



