
कवर्धा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आज प्रस्तुत बजट पर किसान कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि संकल्प आधारित यह बजट पूर्व के “ज्ञान” और “गति” आधारित बजट की तरह ही सिर्फ ढकोसला साबित होगा।
रवि चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का यह बजट पूर्ण रूप से निरंकुशता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि किसान, महिला, युवा, मजदूर और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देने के बजाय उद्योगपतियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। इससे आम लोगों को कोई सीधा लाभ नहीं मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जिस “संकल्प” को आधार बनाकर सरकार छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने का दावा कर रही है, वह जमीनी हकीकत से कोसों दूर है। पूर्व में प्रस्तुत ज्ञान और गति आधारित बजट भी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका और विकास के बड़े दावे धरातल पर नजर नहीं आए।
रवि चंद्रवंशी ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान और मजदूर हैं, लेकिन बजट में उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस प्रावधान दिखाई नहीं देते। उन्होंने सरकार से किसानों के लिए वास्तविक राहत, युवाओं के लिए रोजगार और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि बजट में घोषित योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक नहीं पहुंचा तो यह भी पूर्व की तरह सिर्फ घोषणाओं तक सीमित रह जाएगा।



