कवर्धा विशेष

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने शिक्षक दिवस पर किया शिक्षकों का अभिनंदन, 1500 से अधिक गुरुजनों को किया सम्मानित

कवर्धा। शिक्षक दिवस के अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय उड़ियाकला में भव्य शिक्षक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के समस्त शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकों का अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में लगभग 1500 से अधिक प्राचार्य और शिक्षक शामिल हुए, जिन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही, 20 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य और विशेष योगदान के लिए शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में लगभग 2000 से अधिक शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

विधायक भावना बोहरा ने अपने संबोधन में कहा—
“गुरु ही वे दीपस्तंभ हैं, जिनके ज्ञान, मार्गदर्शन और मूल्यों से जीवन की दिशा तय होती है। भारतीय संस्कृति में शिक्षक को भगवान ब्रह्मा, विष्णु, महेश की संज्ञा दी गई है। वे निस्वार्थ भाव से समाज और राष्ट्र निर्माण की नींव को मजबूत बनाते हैं। एक शिक्षक के लिए गर्व का क्षण तब होता है जब उनका शिष्य उनसे भी आगे निकल जाता है।”

उन्होंने भारत के महान शिक्षाविद और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उनकी स्मृति और शिक्षकों के निःस्वार्थ समर्पण को समर्पित है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में डबल इंजन भाजपा सरकार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, स्कूलों के उन्नयन और समग्र शिक्षा अभियान के तहत अभूतपूर्व कार्य कर रही है।

भावना बोहरा ने आगे कहा कि शिक्षक बच्चों को न केवल अकादमिक सफलता के लिए तैयार करते हैं, बल्कि उन्हें बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के लागू होने को ग्रामीण क्षेत्रों, खासकर पंडरिया विधानसभा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

समारोह में जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, श्रीमती दीपा धुर्वे, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र साहू सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, संगठन प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने शिक्षकों के योगदान को समाज की रीढ़ बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया और छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading