कवर्धा विशेष

गौरव पथ निरीक्षण में नाराज दिखे नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, ठेकेदार-अधिकारियों को कड़ी चेतावनी

कवर्धा। शहर के बहुप्रतीक्षित गौरवपथ निर्माण कार्य की धीमी गति पर नगर पालिका अध्यक्ष नाराज हो गए। बुधवार सुबह उन्होंने 10 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से बन रहे गौरवपथ का औचक निरीक्षण किया और काम की रफ्तार पर कड़ी आपत्ति जताई।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ कहा कि यह मार्ग शहर की पहचान और प्रतिष्ठा से जुड़ा है, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को चेतावनी देते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

‘कछुआ चाल नहीं चलेगी’

नपाध्यक्ष ने निर्माण स्थल पर सामग्री की गुणवत्ता, लेवलिंग, ड्रेनेज व्यवस्था और साइड डेवलपमेंट का बारीकी से जायजा लिया। काम की धीमी प्रगति पर उन्होंने कहा कि “कछुआ चाल से चल रहा कार्य किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।”

ठेकेदार को मशीनरी और मजदूरों की संख्या बढ़ाकर काम तेज करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्य उप मुख्यमंत्री की मंशानुसार समय-सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होना चाहिए।

रोजाना जियो-फोटो भेजने के आदेश

नपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन स्थल का निरीक्षण करें और जियोटैग फोटो के साथ प्रगति रिपोर्ट नगर पालिका के व्हॉट्सएप ग्रुप में साझा करें। साथ ही निर्माण के दौरान आमजन को होने वाली असुविधा कम करने के लिए बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने दो टूक कहा कि यदि गुणवत्ता में कमी या अनावश्यक देरी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सभापति व पार्षद देवा साहू, सीएमओ रोहित साहू, कार्यपालन अभियंता दिनेश कुमार नेताम, उप अभियंता राजेश मिश्रा, ठेकेदार वनित सिंह छाबड़ा सहित वार्डवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Subscribe