कार्य की गति, संकल्पित नेतृत्व और जनकल्याणकारी नीति से बनेगा विकसित भारत : जसविंदर बग्गा

विकसित भारत 2047 के लिए 11 बिंदुओं में शपथ दिलाकर ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान की चौपाल संपन्न
कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘संकल्प से सिद्धि तक’ अभियान के तहत सोमवार को बोड़ला नगर के मंगल भवन में शक्ति केंद्र स्तरीय चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं अभियान के जिला संयोजक जसविंदर बग्गा ने कहा कि कार्य की गति, नेतृत्व का संकल्प और भाजपा की जनकल्याणकारी नीति ही भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बना सकती है।

जसविंदर बग्गा ने कहा कि देश को स्वतंत्र हुए 75 वर्ष हो चुके हैं। इन वर्षों में 60 साल तक कांग्रेस ने शासन किया, लेकिन कभी भी देश को आत्मनिर्भर और औद्योगिक दृष्टि से सशक्त बनाने का ठोस प्रयास नहीं किया गया। परिणामस्वरूप भारत को खाद्यान्न, वैक्सीन, वस्त्र, तकनीकी उपकरण और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विदेशों पर निर्भर रहना पड़ा। परंतु 2014 के बाद से मोदी सरकार ने जो संकल्प लिया, उसे सिद्धि तक पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन जैसे अनेक योजनाओं के माध्यम से देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है। बीते 11 वर्षों में देश में जो क्रांतिकारी परिवर्तन देखने को मिले हैं, वे केवल भाजपा की दूरदर्शिता और जनसेवा के प्रति समर्पण से ही संभव हो सके हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता विदेशी राम धुर्वे ने कहा कि मोदी सरकार सेवा, सुशासन और समावेशी विकास के माध्यम से राष्ट्र निर्माण को समर्पित है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मोहन धुर्वे, डॉ. प्रेमकांत मिश्रा, डॉ. रूपनाथ मानिकपुरी, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, पूर्व मंडल अध्यक्ष काशीराम उइके सहित अनेक वक्ताओं ने सरकार की जनहितकारी नीतियों को जनमानस से जोड़ने का आह्वान किया।
चौपाल में नगर पंचायत उपाध्यक्ष लव निर्मलकर, मंडल उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश त्रिवेदी, कोषाध्यक्ष गौतम गुप्ता, शक्ति केंद्र संयोजक सुनील मानिकपुरी, सह संयोजक संदीप गुप्ता, पार्षदगण, बूथ अध्यक्ष, सचिव, बीएलए-2, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष खुशबू कश्यप, महामंत्री सपना श्रीवास सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व नगरवासी उपस्थित रहे।
11 बिंदुओं में ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प दिलाया गया
कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए नागरिकों को 11 बिंदुओं में संकल्प दिलाया गया। इसमें संविधान की रक्षा, लोकतंत्र को मजबूत करने, मताधिकार के प्रयोग, कर्तव्यों के पालन और समाजहित में योगदान जैसे मूल विषयों पर जोर दिया गया।
‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान: जन-जन तक पहुंचेगी मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियां
भारतीय जनता पार्टी ने 9 जून से ‘संकल्प से सिद्धि तक’ नामक व्यापक जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना और कांग्रेस शासन की विफलताओं को उजागर करना है। इस अभियान में भाजपा के सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों को अहम जिम्मेदारी दी गई है, ताकि केंद्र सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकें।



