कवर्धा विशेष

अफीम की खेती के विरोध में कांग्रेस का भाजपा कार्यालय घेराव: बैरिकेड तोड़ा, पुलिस से झूमाझटकी

कवर्धा। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनपद पंचायत के पास स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव कर दुर्ग और बलरामपुर जिलों में कथित तौर पर हो रही अफीम की अवैध खेती के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता एक बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ गए। हालात कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गए और पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अफीम की अवैध खेती सरकारी संरक्षण में हो रही है और इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है। गांव-गांव में अवैध शराब की बिक्री हो रही है, लेकिन सरकार इसे रोकने में गंभीर नहीं दिख रही।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading