कवर्धा विशेष

कबीरधाम : अवैध रेत खनन पर वन विभाग की सख्ती, 11 ट्रैक्टर जब्त – रात्रिकालीन गश्त और नाके की व्यवस्था

कवर्धा। कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश और वन मंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल के मार्गदर्शन में कबीरधाम वन विभाग ने अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ा अभियान तेज कर दिया है। वन परिक्षेत्र अंतर्गत नदी और नालों से अवैध रेत निकालने वालों पर लगातार सघन कार्रवाई हो रही है।

अब तक की कार्रवाई में विभाग ने कुल 11 ट्रैक्टर जब्त किए हैं, जिन पर राजसात की प्रक्रिया जारी है। दर्ज वन अपराध प्रकरणों के तहत संबंधित चालकों और दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा चुकी है। अधिकारियों का दावा है कि लगातार गश्त और सतर्क निगरानी के चलते क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की गतिविधियां लगभग पूरी तरह थम गई हैं।

ग्रामीणों और वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में यदि इस तरह की गतिविधियां दोबारा पकड़ी गईं तो दोषियों के खिलाफ और भी कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।

वन मंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने बताया कि विभाग ने रात्रिकालीन गश्त के साथ-साथ संदिग्ध मार्गों पर विशेष गश्ती दल तैनात कर नाके और बैरिकेटिंग की व्यवस्था की है, ताकि अवैध परिवहन को जड़ से रोका जा सके। वाहनों की सघन जांच लगातार की जा रही है।

वन विभाग का स्पष्ट कहना है कि रेंगाखार परिक्षेत्र समेत जिलेभर में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ यह सघन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर ऐसी अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading