क्राइम सेलछत्तीसगढ़ प्रादेशिक

राजधानी रायपुर में फर्जी IB अधिकारी गिरफ्तार, पुलिस को गुमराह करते समय खुली पोल

रायपुर। राजधानी पुलिस ने रविवार रात एक युवक को गिरफ्तार किया, जो खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताकर पुलिस और आम नागरिकों को गुमराह कर रहा था। युवक की पहचान भोपाल निवासी विशाल कुमार (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में रायपुर के टैगोर नगर में किराए से रह रहा था।

जानकारी के मुताबिक, आमानाका थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनडीह चौक, नंदनवन जीई रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक तेज रफ्तार एक्टिवा (क्रमांक MP04YJ1386) को रोका। चालान से बचने के लिए युवक ने एक पहचान पत्र दिखाया, जिसमें उसे “इंटेलिजेंस ब्यूरो का सहायक केंद्रीय खुफिया अधिकारी” दर्शाया गया था। कार्ड पर सरकारी मोनोग्राम भी था, जिससे पुलिस को संदेह हुआ।

तत्काल जांच में आईडी कार्ड फर्जी साबित हुआ। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह लंबे समय से इस फर्जी कार्ड का उपयोग कर रहा था। पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 319(2), 336(3), 340(2) एवं मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर केस क्रमांक 286/25 कायम किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि यदि सतर्कता नहीं बरती जाती तो आरोपी आगे और गंभीर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे सकता था। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि उसने फर्जी आईडी कहाँ से बनवाया, इसके पीछे कोई गिरोह सक्रिय है या नहीं और अब तक कितने लोगों को उसने ठगा है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा सरकारी विभाग का परिचय पत्र दिखाए जाने पर तुरंत संबंधित थाने को सूचना दें, ताकि ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।


Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading