कवर्धा विशेष

संकल्प के साथ आगे बढ़ता छत्तीसगढ़, जनकल्याण और विकास का बजट : चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी

कवर्धा। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रस्तुत बजट वर्ष 2026-27 को विकासोन्मुखी, जनकल्याणकारी और संतुलित बताते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के समग्र विकास का स्पष्ट रोडमैप है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में और वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत यह बजट प्रदेश के हर वर्ग—किसान, युवा, महिला, व्यापारी और शहरी-ग्रामीण नागरिकों—की अपेक्षाओं पर खरा उतरने वाला है। उनके अनुसार “संकल्प” थीम पर आधारित यह बजट केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का दृढ़ संकल्प है।

चंद्रवंशी ने बताया कि बजट में कबीरधाम जिले को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। कवर्धा से खम्हरिया मार्ग तक सड़क उन्नयन और चौड़ीकरण के लिए 23 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। पंडरिया में नालंदा परिसर निर्माण की घोषणा की गई है। सुतियापाट से ठाठापुर तक पेयजल आपूर्ति के लिए 50 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। साथ ही मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के तहत नगर पालिका और नगर पंचायतों को शामिल करने के लिए 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और पेयजल से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए भी बजट में राशि निर्धारित की गई है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में नए विद्यालय, उन्नयन कार्य और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रावधान स्वागत योग्य हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, अस्पतालों के विस्तार और चिकित्सा सुविधाओं में वृद्धि को उन्होंने जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया। किसानों के लिए समर्थन मूल्य, कृषि योजनाओं और सिंचाई परियोजनाओं में वृद्धि से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। महिलाओं के आत्मनिर्भरता कार्यक्रम, स्वरोजगार योजनाएं और युवाओं के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण योजनाएं प्रदेश के भविष्य को सशक्त बनाने वाली पहल हैं।

चंद्रवंशी ने कहा कि लघु और मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन, निवेश को बढ़ावा और व्यापारिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण से प्रदेश में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और नए रोजगार सृजित होंगे। अधोसंरचना विकास, नई सड़कों, पुल-पुलियों, शहरी सुविधाओं और ग्रामीण संपर्क मार्गों के लिए किए गए प्रावधान सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाते हैं। बजट में होम्योपैथी कॉलेज निर्माण, शहरी अधोसंरचना, पेयजल, सीवरेज और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिए जाने से नगर निकायों को विकास कार्यों में गति मिलेगी।

उन्होंने बजट को संतुलित और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला है। अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश और अधिक समृद्ध तथा आत्मनिर्भर बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Discover more from THE PUBLIC NEWS

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading