केसदा में मवेशी तस्करी का खुलासा, 8 मवेशी मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। थाना भोरमदेव पुलिस ने ग्राम केसदा कांजी हाउस के सामने घेराबंदी कर अवैध रूप से मवेशी ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 नग मवेशी मुक्त कराए। बताया जा रहा है कि मवेशियों को बिना चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक ले जाया जा रहा था। पुलिस ने सभी मवेशियों को जब्त कर स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सुरक्षित स्थान पर भिजवा दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलेश्वर विश्वकर्मा (22 वर्ष) निवासी रौचन थाना भोरमदेव और अघ्घन यादव (45 वर्ष) निवासी बम्हनी थाना रेंगाखार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।



