1600 रिक्त पदों को दूसरी सूची से भरने की मांग, पुलिस आरक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने किया प्रदर्शन

कवर्धा। छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती 2023-24 में रिक्त रह गए करीब 1600 पदों को दूसरी चयन सूची या प्रतीक्षा सूची से भरने की मांग को लेकर शुक्रवार को प्रदेशभर से पहुंचे अभ्यर्थियों ने कवर्धा में प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने भारत माता चौक से रैली निकाली और कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़े।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सर्किट हाउस के पास सड़क पर बैरिकेडिंग कर अभ्यर्थियों को रोक दिया। इससे नाराज अभ्यर्थी सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

अभ्यर्थियों के अनुसार जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग भर्ती 2023-24 में कुल 5967 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इनमें करीब 4367 पदों पर चयन और नियुक्ति हो चुकी है, जबकि लगभग 1600 पद अब भी रिक्त बताए जा रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान एक से अधिक जिलों की चयन सूची में नाम आने सहित अन्य कारणों से कई पद खाली रह गए। इन रिक्त पदों को भरने के लिए अभ्यर्थी लंबे समय से दूसरी चयन सूची जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों ने अपने ज्ञापन में बिलासपुर हाईकोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए सरकार से रिक्त पदों को दूसरी चयन सूची अथवा प्रतीक्षा सूची के माध्यम से भरने की मांग की है। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक इस संबंध में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से मामले में जल्द निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि रिक्त पदों पर भर्ती होने से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिल सकता है। वहीं प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास जारी रहा।



