उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया हाईटेक बस स्टैंड का शुभारंभ, 8 साल का इंतजार खत्म

कवर्धा। कवर्धा नगरवासियों का करीब आठ वर्षों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। शनिवार को छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक ने नए हाईटेक बस स्टैंड का विधिवत शुभारंभ किया। शुभारंभ कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे संपन्न हुआ, जिसमें बस चालक संघ, ऑटो चालक संघ, नगर पालिका टीम, पार्षदगण और शहर के गणमान्य नागरिकगण उपस्थित रहे।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि हाईटेक बस स्टैंड से बसों का संचालन शुरू होना कवर्धा शहर के लिए ऐतिहासिक कदम है। इससे शहर के भीतर बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि यातायात विभाग, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, बस ऑपरेटरों और ऑटो चालकों के साथ समन्वय बनाकर संचालन की पूरी कार्ययोजना तैयार की गई है।

कार्यक्रम से पहले बस स्टैंड परिसर में भगवान सत्यनारायण की कथा एवं हवन-पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि शहर से बाहर बायपास मार्ग पर बने आधुनिक बस स्टैंड के शुरू होने से बड़ी बसों की शहर के भीतर आवाजाही कम होगी, जिससे यातायात अधिक व्यवस्थित होगा और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी। साथ ही बस स्टैंड के आसपास व्यापार, परिवहन और अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए ऑटो संचालकों के साथ चर्चा कर छात्र-छात्राओं को न्यूनतम किराये पर सेवा उपलब्ध कराने का आश्वासन भी लिया गया है।



